
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में निधौली रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर के पास बुधवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब यूरिया से भरा एक ट्रक ढलान पर अचानक पीछे की ओर खिसक गया। अनियंत्रित ट्रक ने पीछे खड़े एक ऑटो समेत तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव करते हुए ऑटो चालक और उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकाला। टक्कर के कारण ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए भेजा गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
ट्रक के पीछे की ओर खिसकने और वाहनों को टक्कर मारने की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में ट्रक के अचानक पीछे की ओर बढ़ने और वाहनों को चपेट में लेने की घटना दिखाई दे रही है। हादसे के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद ट्रक लेकर भागा चालक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय ट्रक लेकर फरार हो गया। पीड़ित ऑटो चालक ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए फरार ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का भी पता लगा रही है।
Leave a Reply