
भीषण गर्मी में बिजली गुल होने पर जागे मोहल्लेवासी, मौके पर पहुंचा लाइनमैन तो जमीन पर पड़ा मिला 100 केवीए का ट्रांसफार्मर
एटा राजा का रामपुर के मोहल्ला कुंजड़ियान में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने 100 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर को चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, लाइनमैन की सजगता के चलते चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। ट्रांसफार्मर जमीन पर खुला पड़ा मिला और उसका तेल भी पूरी तरह से जमीन पर फैल गया था।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच मोहल्ले के लोग अपने घरों में पंखे की हवा में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। मोहल्ले के ही निवासी एवं लाइनमैन योगेश ने विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर बिजली आपूर्ति के बारे में जानकारी की। वहां से पता चला कि उपकेंद्र से विद्युत सप्लाई चालू है, लेकिन मोहल्ले में बिजली नहीं पहुंच रही है।
इसके बाद योगेश करीब 1:30 बजे रात में विद्युत लाइन की जांच करने मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर वह दंग रह गए। मोहल्ले में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जमीन पर खुला पड़ा था और उसका तेल जमीन पर फैला हुआ था। बताया जा रहा है कि लाइनमैन के पहुंचने के दौरान मोटरसाइकिल की रोशनी देखकर चोर मौके से भाग निकले।
लाइनमैन की तत्परता के कारण चोर ट्रांसफार्मर को पूरी तरह चोरी कर ले जाने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। वहीं सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटना की जांच में जुट गई है।
एसडीओ अलीगंज अतुल कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन चोर इसमें सफल नहीं हो पाए। ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भी चिंता है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Leave a Reply