
स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर जताई सख्ती
एटा। तहसील अलीगंज स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय सभागार में मंगलवार को उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर की अध्यक्षता में तहसील टास्क फोर्स (टीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विभागीय कार्यों एवं विकास कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने लक्ष्य पूर्ण करें।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर एसडीएम ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर तहसीलदार संजय सिंह, नायब तहसीलदार वरुण कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार, बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया, सीडीपीओ कुशमा, सीएचसी जैथरा के डॉ. अनुज यादव तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply