कासगंज। पटियाली क्षेत्र के थाना सिकंदपुर वैश्य इलाके में शनिवार सुबह ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और करीब दो किलो चांदी तथा 100 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ समेत थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

ग्राम राजा रिजोला निवासी आदित्य वर्मा पुत्र कौशल वर्मा की सिकंदपुर वैश्य क्षेत्र में कैनरा बैंक के पास राधिका ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बताया गया कि शनिवार सुबह ग्रामीणों ने दुकान का शटर टूटा हुआ देखा। इसकी जानकारी उन्होंने दुकान संचालक आदित्य वर्मा को दी।

सूचना मिलते ही आदित्य मौके पर पहुंचे और दुकान का शटर खोलकर अंदर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था तथा आभूषण गायब थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोर दुकान से करीब दो किलो चांदी और लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। चोरी की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

घटना की सूचना पर सीओ अमित कुमार, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वाड की मदद से भी चोरों तक पहुंचने के प्रयास किए गए।

पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस दिशा में फरार हुए। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

सीओ अमित कुमार ने बताया कि ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की घटना हुई है। पुलिस टीम द्वारा हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।