एटा। थाना राजा का रामपुर पुलिस ने किशोरी के जेवरात लेकर फरार होने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी के कब्जे से मुकदमे से संबंधित जेवरात बरामद किए गए हैं।

तमंचा और पांच जिंदा कारतूस भी मिले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इस बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।

नगला गढ़रियान के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निर्देश पुत्र जयनंदन निवासी नगला मोहन को गुरुवार रात नगला गढ़रियान और ढीपा गांव के बीच कृषि रक्षा केंद्र के पास से गिरफ्तार किया गया।

जेवरात किए गए बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित दो जोड़ी तोड़िया, एक जोड़ी खड़ुआ, दो जोड़ी अंगूठी और एक जोड़ी पेंडल बरामद किए गए।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक गौतम सिंह, कांस्टेबल सुमित शर्मा, कांस्टेबल शिवम कुमार तथा महिला कांस्टेबल इरशाना अंजुम शामिल रहीं।