परिजनों ने दूध और सब्जी में जहर मिलाने का लगाया आरोप, पुलिस ने सैंपल लेकर शुरू की जांच

एटा। जनपद के थाना नया गांव क्षेत्र के गांव रामनगरिया आशाराम में संदिग्ध परिस्थितियों में दूध पीने के बाद डेढ़ वर्षीय मासूम की तबीयत बिगड़ गई। परिजन बच्चे को उपचार के लिए पहले मैनपुरी जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मासूम का उपचार जारी है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घर में रखे दूध और सब्जी में किसी ने जहरीला पदार्थ मिला दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।

दूध पीने के बाद बिगड़ी बच्चे की तबीयत

परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे डेढ़ वर्षीय रितुल पुत्र उपेंद्र घर के आंगन में खेल रहा था। घर में उसकी मां रोशनी और दादी गंगा देवी मौजूद थीं। इसी दौरान पिता उपेंद्र ने बच्चे को दूध पिलाया। बच्चे ने कुछ दूध पीने के बाद छोड़ दिया।

बताया गया कि पिता उपेंद्र ने भी उसी दूध को पीया, जिसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं। इसके बाद बच्चे की तबीयत भी बिगड़ने लगी।

मैनपुरी से सैफई किया गया रेफर

परिजन आनन-फानन में बच्चे को स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां से बेहतर उपचार के लिए मैनपुरी ले जाने की सलाह दी गई। मैनपुरी जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

परिजनों के मुताबिक सैफई मेडिकल कॉलेज में मासूम का उपचार चल रहा है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस ने लिए सैंपल, जांच जारी

बच्चे के ताऊ विनय ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि दूध और घर में बनी सब्जी में जहरीला पदार्थ मिलाया गया है। पुलिस ने मौके से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल दूध या अन्य खाद्य पदार्थ में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।