एटा। तहसील क्षेत्र के ग्राम नीमखेड़ा और नगला सुखदेव की सीमा स्थित नदिया पार क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर किसानों को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। देर रात अज्ञात चोरों ने 30 से 35 किसानों के नलकूपों से स्टार्टर से समर्सिबल तक लगी महंगी कॉपर (तांबे) की बिजली केबलें काटकर चोरी कर लीं। इस घटना से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और फसलों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।

पीड़ित किसान अतुल कुमार ने बताया कि रात के समय बिजली आपूर्ति बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने नलकूपों की कॉपर केबलें काट लीं। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। पिछले सप्ताह भी 5 से 6 नलकूपों की केबलें चोरी हुई थीं और महज दो-चार दिन बाद फिर इतनी बड़ी चोरी हो गई। इससे किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि नई केबल खरीदने और लगवाने में भारी खर्च आ रहा है।

किसान सुरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों की लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की जाए तो चोरों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। उन्होंने यह भी मांग की कि रात में कम से कम दो फेज बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि करंट के डर से चोर इस तरह की घटनाओं को अंजाम न दे सकें।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे सकरौली थाने का घेराव कर आंदोलन करेंगे।

लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसानों की तहरीर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही केबल चोरी करने वाले गिरोह को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।