
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
एटा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों एवं कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी अरविन्द सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि जन सहभागिता ही सेवा संकल्प अभियान की सफलता का आधार है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल में हुए जनकल्याणकारी कार्यों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की रील और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि अन्य लोग भी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।
पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं में छूटे और वंचित पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर अभियान के दौरान योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आमजन के सहयोग से अभियान को सफल बनाया जाएगा।
विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ेंगे नागरिक
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना के साथ केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विधानसभा, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे घरों, ग्राम पंचायतों, वार्डों, प्रमुख स्थलों, शहीद स्मारकों, महापुरुषों के स्मारकों, अमृत सरोवर, पंचायत सचिवालय, जल जीवन मिशन की टंकियों और सरकारी भवनों पर दीप प्रज्ज्वलित कर कृतज्ञता एवं विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा।
इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण जैसे सेवा कार्य भी होंगे।
प्रतियोगिताओं से लेकर नुक्कड़ नाटक तक होंगे आयोजन
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर चित्रकला, निबंध, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं होंगी।
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों के जरिए प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलाव की जानकारी गांव-गांव और शहर तक पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में सात कार्यक्रम सहित कुल 28 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन मिलन सेवा’
25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा बच्चों को उपयोगी सामग्री का वितरण भी होगा।
वहीं ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को 60 सेकंड की रील और डिजिटल सामग्री के जरिए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाएगा। युवा इंफ्लूएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को प्रमुख विकास परियोजनाओं का भ्रमण भी कराया जाएगा।
25 सेवा गतिविधियों में होगी जनभागीदारी
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, वृद्धाश्रम एवं अनाथालय भ्रमण, जल संरक्षण, गौशाला सेवा, योग-ध्यान, महिला स्वास्थ्य, नशामुक्ति, पोषण, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, अंगदान संकल्प, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता और वोकल फॉर लोकल सहित 25 सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नागरिकों के श्रमदान से चयनित स्थानों का कायाकल्प भी कराया जाएगा।
सेवा शिविरों में एक जगह मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंडों और नगरीय निकायों में पांच से सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र वंचित लोगों के आवेदन, सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई मौके पर ही सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में 108 मीटर व्यास की मानव समूह रंगोली बनाने की योजना भी है।
17 अक्टूबर को होगा ‘जनसेवा महाकुंभ’
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को हरिऔध कला केंद्र में आयोजित ‘जनसेवा महाकुंभ’ के साथ होगा। इसमें अभियान के उद्देश्यों, सेवा एवं सुशासन की उपलब्धियों और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, महायज्ञ, प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और सीधे संवाद के कार्यक्रम आयोजित कर समाज के अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता, विधायक सदर विपिन वर्मा डेविड, विधायक मारहरा वीरेन्द्र सिंह लोधी, एमएलसी आशीष यादव, ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर पुष्पेन्द्र सिंह लोधी, जिला महामंत्री भाजपा सुशील कुमार भैया जी सहित अपर जिलाधिकारी विक्रम राज, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में अभियान के सभी कार्यक्रम विभागीय समन्वय और व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न कराए जाएंगे।

Leave a Reply