
उज्ज्वला से आवास तक योजनाओं के लगे स्टॉल, स्वास्थ्य, कृषि और पशु चिकित्सा विभाग ने दी जानकारी
गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई, बच्चों को खीर खिलाकर कराया अन्नप्राशन
एटा। विकासखंड अलीगंज परिसर में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनकल्याणकारी मेले एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने फीता काटकर किया। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विधायक ने मेले में लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं, पात्रता और लाभार्थियों को मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली।
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
मेले में उज्ज्वला गैस योजना का स्टॉल ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रहा। यहां ग्रामीणों को गैस कनेक्शन, पात्रता और योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं आवास योजना के स्टॉल पर पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवास से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पशु चिकित्सा विभाग ने पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, उपचार और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई। कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को खेती से जुड़ी योजनाओं, सुविधाओं और विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इसके अलावा शिक्षा विभाग और आंगनबाड़ी विभाग की ओर से भी विद्यार्थियों, अभिभावकों, महिलाओं और बच्चों से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।
गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को भी विशेष महत्व दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई। इस दौरान महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने, स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने और विभागीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके बाद छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया गया और उनके बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए अभिभावकों को आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के पोषण को लेकर जागरूकता पर भी जोर दिया गया।
मेले में पहुंचे ग्रामीणों ने अलग-अलग विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत, एडीओ पंचायत राकेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Leave a Reply