
एटा। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र जनपद एटा पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। इसी क्रम में थाना राजा का रामपुर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने कस्बे के मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से संवाद स्थापित करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की। प्रमुख स्थानों पर मौजूद लोगों से आवश्यक पूछताछ की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में थाना क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था भंग करने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पैदल गश्त में थाना पुलिस के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। पूरे अभियान के दौरान कस्बे में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सुरक्षा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply