एटा। जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव सहोरी में घर पर बैठे एक युवक पर गांव के ही पांच लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक की पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित के अनुसार गांव निवासी अरुण कुमार, सुनील कुमार (पुत्र दयाशंकर), बालमुकुंद (पुत्र श्रीकृष्ण), नारायण (पुत्र बालमुकुंद) और रजत (पुत्र सुनील कुमार) ने जान से मारने की नीयत से घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर धारदार चाकू और अन्य हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।

इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं युवक की पत्नी रंजना और उनका बेटा भी हमले का शिकार हो गए, जिन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमले के दौरान अरुण कुमार लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था।

शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी अनुराग और रामनिवास मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल-112 और एंबुलेंस-108 को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रंजना की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल एटा रेफर कर दिया गया।

इलाज के बाद पीड़ित ने जैथरा थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।