एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के नगलाकंचन गांव में शनिवार शाम एक 23 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर घर के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नगलाकंचन निवासी रोहन सिंह का 23 वर्षीय पुत्र दीपक शनिवार शाम घर के दूसरे मकान में मौजूद था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे खाना खाने के लिए आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर जब वे अंदर पहुंचे तो दीपक खून से लथपथ पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही शनिवार रात करीब 8:30 बजे क्षेत्राधिकारी नगर कृतिका सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।