एटा। अलीगंज क्षेत्र के अमरोली रतनपुर रोड स्थित गल्ला मंडी में रविवार रात चोरों ने एक गोदाम में सेंध लगाकर करीब 1.70 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस को घटना के फुटेज मिलने की संभावना कम हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बीआर इंटरप्राइजेज के मुनीम आलोक शाक्य सोमवार सुबह करीब नौ बजे रोजाना की तरह गोदाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि गोदाम के पिछले हिस्से का गेट टूटा हुआ था और लोहे की चादर फटी हुई थी। संदेह होने पर जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गुल्लक में रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल आढ़त स्वामी गोविंद गुप्ता को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गोविंद गुप्ता मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रविवार शाम गोदाम बंद कर वह घर चले गए थे। सुबह चोरी की सूचना मिलने पर जब पहुंचे तो पता चला कि चोर पीछे की चादर को किसी धारदार औजार या बेलचे से काटकर अंदर घुसे थे। अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने सीधे गुल्लक को निशाना बनाया और उसमें रखे करीब 1.70 लाख रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकालकर ले गए, जिससे आशंका है कि चोर अपनी पहचान छिपाना चाहते थे।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।