ताजपुर अड्डा पुलिया के पास साइकिल सवार बच्चे को बाइक ने मारी जोरदार टक्कर, सड़क पर गिरकर हुआ घायल; सीएचसी से हायर सेंटर रेफर

एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र में बुधवार शाम कोचिंग पढ़ने जा रहे 10 वर्षीय साइकिल सवार बच्चे को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि बच्चा साइकिल समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन घायल बच्चे को आनन-फानन में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसके पैर में फ्रैक्चर बताया और प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल की पहचान सिपेश पुत्र पुष्पेंद्र, उम्र करीब 10 वर्ष, निवासी किशनपुर, थाना राजा का रामपुर के रूप में हुई है। घायल के पिता पुष्पेंद्र ने बताया कि उनका बेटा बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे साइकिल से सुरतिया गांव में कोचिंग पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान ताजपुर अड्डा के पास पुलिया पर बाइक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा सड़क पर गिर पड़ा और उसके पैर में गंभीर चोट आई।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस, उपचार के लिए भेजा घायल

घटना की जानकारी तत्काल थाना राजा का रामपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायल बच्चे को उपचार के लिए भेजा। परिजनों द्वारा बच्चे को निजी वाहन से सीएचसी अलीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया।

पैर में फ्रैक्चर, हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर

सीएचसी अलीगंज के चिकित्सक डॉ. विशाल चंद्रा ने बुधवार की शाम 8बजे बताया कि सड़क हादसे में घायल बच्चे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। चोट गंभीर होने के कारण बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

तहरीर के बाद बाइक सवार के खिलाफ होगी कार्रवाई

थाना राजा का रामपुर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बच्चे के सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी मिली है। घायल को उपचार के लिए भेजा गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।