राजस्थान से सोरोंजी जा रहे थे श्रद्धालु, कांतौर गांव के पास तड़के हुआ दर्दनाक हादसा

कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। हादसा कांतौर गांव में शिव इंटर कॉलेज के पास हुआ, जहां राजस्थान के करौली जनपद से तीर्थनगरी सोरोंजी जा रही श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप में सवार 7 बच्चे, 8 महिलाएं और 8 पुरुष घायल हुए हैं।

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कासगंज भेजा गया।

जिला अस्पताल में उपचार जारी

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है। हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु राजस्थान के करौली जनपद से तीर्थनगरी सोरोंजी की यात्रा पर जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।