एक महीने पहले राहगीर से लूटी थी बाइक, मोबाइल और नकदी; हरियाणा भाग गए थे आरोपी

कासगंज। गंजडुंडवारा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मंगलवार देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद एक बाल अपचारी समेत तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक माह पहले लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अवैध असलहे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश ग्राम जैधर के पास बड़ी नहर की पटरी पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही गंजडुंडवारा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने बच निकलने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

एक माह पहले की थी लूट

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब एक माह पूर्व एक राहगीर से नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटने की बात स्वीकार की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हरियाणा चले गए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी दोबारा उसी लूटी गई मोटरसाइकिल से किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में आए थे, लेकिन पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

दो तमंचे और कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु पुत्र हरिश्चंद्र निवासी ग्राम थाना गांव, थाना पटियाली, अनुराग पुत्र बालिस्टर निवासी ग्राम कुतुबपुर सराय और एक बाल अपचारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी थी पुलिस

एसपी ओपी सिंह ने बताया कि करीब एक माह पूर्व हुई लूट की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार रात मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और पूर्व की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।