कासगंज। अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। मां के साथ शौच के लिए जा रही बच्ची को एक स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गांव लोधीपुर निवासी हरिओम की करीब पांच वर्षीय पुत्री बेबी शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे अपनी मां राजवती के साथ शौच के लिए जा रही थी। दोनों गांव के पास स्थित चक्की प्लांट के निकट पहुंचे ही थे कि कासगंज स्थित सरस्वती डागा विद्या मंदिर की एक स्कूल बस की चपेट में बच्ची आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मां राजवती बदहवास हो गईं और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

सूचना पर थाना अमांपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।