कोतवाली नगर, कोतवाली देहात और मिरहची क्षेत्र में यातायात, रूट डायवर्जन और पुलिस तैनाती का लिया जायजा

एटा। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग और क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के साथ कोतवाली नगर, कोतवाली देहात और मिरहची थाना क्षेत्र के कांवड़ रूट का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कांवड़ियों की सुरक्षा और यात्रा के सुचारु संचालन के लिए बनाए गए रूट डायवर्जन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा संवेदनशील स्थानों पर की गई पुलिस तैनाती को देखा। इसके साथ ही चेतावनी और सांकेतिक सूचना बोर्डों की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों पर बनाए गए पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए शिविरों और भंडारों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ड्यूटी में लापरवाही न बरतने के निर्देश

एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने कांवड़ यात्रा में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखा जाए और यातायात व्यवस्था को हर स्थिति में सुचारु रखा जाए।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को आकस्मिक परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने और कांवड़ मार्गों पर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जनपद में आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। पुलिस टीमों द्वारा लगातार कांवड़ मार्गों की निगरानी की जा रही है, जिससे यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।