एटा। जनपद एटा की थाना साइबर क्राइम पुलिस और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन साइ-वज्र (Operation Cy-Vajra) के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं योगेंद्र सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकीट/साइबर नीतीश गर्ग के नेतृत्व में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना साइबर क्राइम और जनपदीय साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस ने थाना बागवाला क्षेत्र के करतला रोड से नरेंद्र उर्फ नाहर पुत्र रामेश्वर लाल, निवासी ग्राम बावड़ी सिंभूपुरा, थाना मरोठ, जिला डीडवाना-कुचामन (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमा संख्या 12/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई की गई थी। विवेचना के दौरान प्रकरण में बीएनएस की धारा 49, 317(4), 336, 337, 339 एवं 314 की भी बढ़ोतरी की गई है।
आरोपी से हुई बरामदगी
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 24,380 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड, एक चेकबुक, छह विभिन्न बैंक खातों के एटीएम कार्ड, तीन अलग-अलग नामों के आधार कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, दो वोटर आईडी कार्ड, दो बैंक पासबुक तथा एक ई-श्रम कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों का इस्तेमाल किन-किन साइबर अपराधों में किया गया।
Leave a Reply