नगर और अलीगंज सर्किल के थानों की समीक्षा, अपराधियों पर कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने शुक्रवार को थाना बागवाला में नगर और अलीगंज सर्किल के सभी थानों का अर्दली रूम कर पुलिसिंग की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और एनबीडब्ल्यू के निस्तारण के साथ वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की स्थिति जानी। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

अर्दली रूम के दौरान चोरी और नकबजनी की घटनाओं, महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई और अपराध नियंत्रण की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

साइबर अपराध और यक्ष ऐप सत्यापन पर भी जोर

एसएसपी ने साइबर अपराधों की रोकथाम, यक्ष ऐप के माध्यम से सत्यापन, ई-समन और मिशन शक्ति केंद्र की गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

जनता से शालीन व्यवहार के निर्देश

डॉ. इलामारन जी ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के साथ जनता से शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि किसी भी मामले की विवेचना अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए और प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा सहित संबंधित थानों के थाना प्रभारी और विवेचक मौजूद रहे।