पिन जनरेट करने में मदद के नाम पर युवक का कार्ड लेकर बदल दिया एटीएम कार्ड; 12 दिन बाद पैसे निकालने पहुंचा तो हुआ ठगी का खुलासा

एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के गाजीपुर पहोर गांव निवासी युवक को एटीएम का पिन जनरेट कराने में मदद करने के बहाने अज्ञात व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए दो लाख 20 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को ठगी की जानकारी तब हुई, जब वह 22 सितंबर को बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। मशीन में किसी अन्य व्यक्ति का नाम प्रदर्शित होने और पिन गलत बताए जाने पर उसे कार्ड बदले जाने का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गाजीपुर पहोर निवासी विमल पुत्र राकेश मोबाइल की दुकान पर काम करता है। उसके अनुसार, 10 सितंबर को वह बैंक के एटीएम पर अपना पिन बदलने गया था। काफी प्रयास के बावजूद पिन जनरेट नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक व्यक्ति ने मदद करने की बात कही। आरोपी ने उसका कार्ड लेकर पिन जनरेट करने का प्रयास किया और उसे बताया कि अगले दिन से कार्ड काम करने लगेगा।

12 दिन बाद एटीएम पहुंचा तो खुला ठगी का राज

विमल के अनुसार, 22 सितंबर को वह बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। उसने एटीएम कार्ड मशीन में लगाया तो स्क्रीन पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम दिखाई दिया। पिन डालने पर मशीन ने उसे गलत बता दिया। कार्ड में गड़बड़ी की आशंका पर वह बैंक पहुंचा और खाते की जानकारी ली।

बैंक में जानकारी करने पर पता चला कि उसके खाते से दो लाख 20 हजार 500 रुपये निकाले जा चुके हैं। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने कोतवाली नगर पुलिस को लिखित शिकायत दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही खाते से हुए लेनदेन की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

थाना प्रभारी बोले- आरोपी की तलाश जारी

कोतवाली नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।