एटा जिले के थाना रिजोर क्षेत्र के गांव अंबरपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही 6 वर्षीय मासूम बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में रखे तूफानी पंखे में अचानक करंट दौड़ गया और ड्रेस पहनते समय मासूम उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही उसकी हालत बिगड़ गई।
स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी मासूम
जानकारी के अनुसार रौनक पुत्री उमेशचन्द्र, उम्र करीब 6 वर्ष, निवासी गांव अंबरपुर, थाना रिजोर गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर पर स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। मासूम स्कूल की ड्रेस पहन रही थी। इसी दौरान पास में रखे तूफानी पंखे में अचानक करंट दौड़ गया और मासूम उसकी चपेट में आ गई।
परिजनों ने जब मासूम को करंट की चपेट में देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मासूम की जांच की और प्राथमिक उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही परिवार में मचा कोहराम
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले तक जिस बच्ची को स्कूल जाने के लिए तैयार किया जा रहा था, उसकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के ताऊ रामेन्द्र कुमार ने बताया कि रौनक सुबह घर पर स्कूल जाने के लिए ड्रेस पहन रही थी। इसी दौरान अचानक तूफानी पंखे में करंट आ गया और मासूम उसकी चपेट में आ गई। इसके बाद परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिना पोस्टमार्टम शव घर ले गए परिजन
मेडिकल कॉलेज में मासूम को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
परिजनों ने मासूम रौनक का अंतिम संस्कार कर दिया। गमगीन माहौल में जब छह साल की मासूम की अंतिम विदाई हुई तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। जिस बच्ची को सुबह स्कूल की ड्रेस पहनकर पढ़ने जाना था, वह कुछ ही देर में परिवार को हमेशा के लिए छोड़कर चली गई।
मासूम की अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर लोग स्तब्ध हैं।

Leave a Reply