जनसुनवाई के प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने के दिए निर्देश

एटा। अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने बुधवार को क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के साथ थाना पिलुआ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना परिसर, बैरक, मैस, मालखाना, शस्त्रागार और हवालात की व्यवस्थाएं देखीं। इसके साथ ही अभिलेख प्रबंधन, सीसीटीएनएस, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, रजिस्टर नंबर चार व आठ सहित विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया।

महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को परखते हुए महिला सहायता डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। मिशन शक्ति के काउंसलिंग रजिस्टर और कार्य वितरण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।

साफ-सफाई पर भी दिया जोर

एएसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी गहनता से निरीक्षण किया। विशेष रूप से शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।

फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण पर जोर

निरीक्षण के दौरान एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले फरियादियों की शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह समेत थाना पिलुआ का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।