एटा। थाना जलेसर पुलिस ने ई-रिक्शा में बैठाकर युवक के साथ मारपीट और चाकू दिखाकर रुपये लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, एक अवैध चाकू और लूट की रकम बरामद करने का दावा किया है।

गोथुआ जाने के दौरान हुई वारदात

पुलिस के अनुसार हाथरस जनपद के थाना हसायन क्षेत्र के गांव महेवा निवासी अभयपाल सिंह 2 सितंबर को अपने घर से गांव गोथुआ थाना सकरौली जा रहे थे। उन्होंने निधौली चौराहे से गोथुआ जाने के लिए एक ई-रिक्शा तय किया था।

आरोप है कि रास्ते में ई-रिक्शा चालक और उसके साथी ने अभयपाल के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर उनसे 6 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर थाना जलेसर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी जीतू पुत्र रामखिलाड़ी निवासी मोहल्ला माधवनगर और आशिफ पुत्र सब्बीर निवासी मोहल्ला महवारीगंज, थाना जलेसर को गिरफ्तार कर लिया।

ई-रिक्शा, नकदी और चाकू बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, लूट की नकदी और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित, उपनिरीक्षक राजीव पंवार, कांस्टेबल राजकुमार भाटी और कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।