
एसडीएम सदर कार्यालय में सीओ सिटी और तहसीलदार ने थाना प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक
रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश, ओवरलोड वाहनों पर होगी कार्रवाई; खनन माफिया पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की चेतावनी
एटा। जनपद में मिट्टी, बालू और मौरंग के अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम सदर कार्यालय में क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, एसडीएम सदर श्वेता सिंह और तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय की संयुक्त अध्यक्षता में सदर तहसील क्षेत्र के थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने थाना क्षेत्रों में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अवैध खनन की संभावना अधिक है, ऐसे हॉट-स्पॉट चिन्हित किए जाएं और वहां नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए।
रात में बढ़ाई जाएगी गश्त
अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन की गतिविधियां अक्सर रात के समय होने की शिकायतें सामने आती हैं। इसे देखते हुए थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध वाहनों और खनन गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
ओवरलोड वाहनों पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही खनन विभाग, परिवहन विभाग और राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीम गठित करके छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।
एसडीएम सदर ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी थाना क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन में संलिप्त माफिया और अन्य आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई अमल में लाई जाए। अधिकारियों ने थाना प्रभारियों से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
Leave a Reply