
हजारों की भीड़ के दावे के बीच महान दल अध्यक्ष ने कहा- ‘अखिलेश पहली पसंद, बसपा दूसरी और भाजपा नापसंद’; आरक्षण, जातिवाद, बुलडोजर और माफिया नीति को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना
एटा। अलीगंज के डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में गुरुवार को महान दल की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भाजपा सरकार पर जमकर राजनीतिक हमला बोला। आयोजकों ने सभा में हजारों लोगों के पहुंचने का दावा किया। शाक्य, कुशवाहा, सैनी और मौर्य समेत विभिन्न समाजों के लोगों की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की। सभा में केशव देव मौर्य ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महान दल की राजनीतिक दिशा और संभावित गठबंधन पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
‘अन्याय-अत्याचार नहीं रुका, इसलिए बनाया महान दल’
केशव देव मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग राजनीतिक दल समाज और जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखकर राजनीति कर रहे हैं। महान दल भगवान बुद्ध और सम्राट अशोक की नीतियों एवं विचारों को आधार मानकर सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलने की बात करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्वसमाज के हितों के लिए काम करना उसका उद्देश्य है।
अपने राजनीतिक सफर और पार्टी के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “महान दल ने समय-समय पर प्रदेश में रैलियां की हैं। पहले अलीगंज के लोग नाराज हो गए थे। हमारे समाज के लोगों से सरकारें बनी हैं। वर्ष 2007 तक बसपा को हमारे समाज ने वोट किया, लेकिन अन्याय और अत्याचार नहीं रुका। इसलिए मैंने महान दल बनाया।”
उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक रूप से मजबूत रहेंगे तो समाज के लोगों को अत्याचार नहीं झेलना पड़ेगा। शाक्य, सैनी, कुशवाहा, मौर्य समेत अन्य छोटे समाजों को जोड़कर राजनीतिक रूप से मजबूत करने का भी उन्होंने आह्वान किया।
‘अखिलेश पहली पसंद, बसपा दूसरी, भाजपा नापसंद’
संभावित गठबंधन को लेकर केशव देव मौर्य ने कहा, “आजकल गठबंधन का दौर है। अखिलेश यादव मेरी पहली पसंद हैं, बसपा दूसरी पसंद है, वहीं भाजपा नापसंद पार्टी है।”
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पिछड़े और दलित समाज की राजनीति का मजबूत स्तंभ बताया। कहा कि यादव समाज उनके लिए बड़े भाई की तरह है और अखिलेश यादव पिछड़े और दलितों की आवाज को मजबूती से उठाते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मजबूत होने से पिछड़े और दलित समाज को राजनीतिक ताकत मिल सकती है।
हालांकि उन्होंने शाक्य, मौर्य और कुशवाहा समाज से अपने राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की अपील की। उनका कहना था कि जो राजनीतिक दल सभी समाजों को समान नजर से देखे, उसके साथ राजनीतिक परिस्थितियां अलग हो सकती हैं।
सभी दलों पर जातिवाद की राजनीति का आरोप
महान दल अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक दल जातिगत समीकरणों के आधार पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “सभी राजनीतिक पार्टियां जातिवाद कर रही हैं, चाहे सपा हो, बसपा हो या भाजपा। यह सच्चाई है।”
उन्होंने अलग-अलग समाजों के बीच विवाद के मामलों में राजनीतिक प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए। इसी क्रम में हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर योगी सरकार पर निशाना
केशव देव मौर्य ने पिछड़े वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम लोग सामान्य में आ नहीं रहे और हमारे आरक्षण को दे नहीं रहे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े समाज को उसके अधिकार के अनुरूप अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महान दल छोटे और पिछड़े समाजों को एकजुट कर उनके अधिकारों की आवाज उठाने का काम कर रहा है।
प्रशांत सैनी प्रकरण का जिक्र कर बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल
महान दल अध्यक्ष ने बिजनौर के प्रशांत सैनी प्रकरण का जिक्र करते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “प्रशांत सैनी के ऊपर बर्बरता हुई। क्या वहां आरोपियों का एनकाउंटर हुआ? क्या वहां बुलडोजर चला? नहीं। आखिर क्यों?”
उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई की नीति में समानता नहीं दिखाई देती। उन्होंने सरकार से सभी मामलों में कानून के समान पैमाने पर कार्रवाई की मांग की।
माफिया नीति पर अतीक-मुख्तार के साथ ब्रजेश और धनंजय का नाम लिया
केशव देव मौर्य ने प्रदेश सरकार के माफिया मुक्त प्रदेश के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “योगी आदित्यनाथ जी कहते हैं कि प्रदेश को माफिया विहीन कर दिया। अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी माफिया थे, इसमें कोई दोहराव नहीं है। लेकिन क्या ब्रजेश सिंह माफिया नहीं हैं? क्या धनंजय सिंह माफिया नहीं हैं?”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की माफिया नीति में समानता नहीं दिखाई देती। उनका कहना था कि कानून और कार्रवाई का पैमाना सभी के लिए एक जैसा होना चाहिए।
मायावती की तारीफ, बोले- ‘आज की लड़ाई से कोसों दूर’
बसपा सुप्रीमो मायावती की तारीफ करते हुए केशव देव मौर्य ने कहा कि वह उन्हें प्रदेश के बेहतरीन नेताओं में मानते हैं। हालांकि उन्होंने कहा, “बहन जी में एक दिक्कत है, वह आज की लड़ाई से कोसों दूर हैं।”
उन्होंने मायावती के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अधिकारी काम करते थे और शासन का प्रभाव दिखाई देता था। इसके बावजूद वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में उन्होंने बसपा को अपनी दूसरी पसंद बताया।
सत्ता मिली तो ऊंच-नीच और भेदभाव खत्म करने का प्रयास
केशव देव मौर्य ने कहा कि महान दल की राजनीति किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। सत्ता में आने का अवसर मिलने पर सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम किया जाएगा। समाज में भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना समाप्त करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि शाक्य, सैनी, कुशवाहा, मौर्य समेत अन्य समाजों को साथ लेकर महान दल को राजनीतिक रूप से मजबूत किया जाएगा।
जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र किशन देव मौर्य, उनकी पत्नी सुमन शाक्य, प्रदेश महासचिव जयप्रकाश मौर्य, प्रदेश सचिव ठाकुर सुमित सिंह, राष्ट्रीय महासचिव पारस मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार यादव, राष्ट्रीय महासचिव पदम सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष मनु शाक्य समेत पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply