
दोनों पर था 25-25 हजार रुपये का इनाम, पुलिस ने दो तमंचे, सात कारतूस, बिना नंबर की अपाचे बाइक और 2520 रुपये किए बरामद; चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली
एटा। एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों बदमाश कासगंज जिले के निवासी हैं और उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, नौ अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे अलीगंज थाना प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ नगला किस्स गांव के पास एटा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एटा की ओर से बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और कैल्ठा रोड की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश कैल्ठा रोड से ईदगाह मार्ग की तरफ मुड़ गए। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते पर मुड़ते समय उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरे बदमाश को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया।
घायल बदमाश को अस्पताल भेजा
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान रामपाल उर्फ रामवीर और दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिजेंद्र उर्फ बागड़ी के रूप में हुई है। दोनों कासगंज जिले के निवासी बताए गए हैं। घायल रामपाल को पुलिस हिरासत में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कही
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, 315 बोर के चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये भी मिले। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अलीगंज थाना क्षेत्र में पूर्व में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा सहित थाना अलीगंज की टीम शामिल रही।
Leave a Reply