एसडीएम-सीओ के नेतृत्व में सराय रोड, मैनपुरी रोड और अमरोली रतनपुर रोड पर चला अभियान, कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत

एटा। आगामी त्योहारों को लेकर पटाखों के भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार देर रात अलीगंज एसडीएम डॉ. शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और नायब तहसीलदार वरुण कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रशासन और पुलिस की टीम ने पटाखों की दुकानों और गोदामों का निरीक्षण कर भंडारण क्षमता, लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों की जांच की।

देर रात चलाए गए अभियान के दौरान अलीगंज के सराय रोड स्थित पटाखा दुकान, मैनपुरी रोड स्थित गोदाम तथा अलीगंज-अमरोली रतनपुर रोड स्थित पटाखा गोदाम को चेक किया गया। अधिकारियों ने गोदामों में रखी विस्फोटक सामग्री की मात्रा का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखों का भंडारण न किया गया हो।

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। गोदामों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई।

अभियान में अलीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा और कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार बालियान सहित पुलिस टीम मौजूद रही। देर रात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम के पहुंचने से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

अलीगंज एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने स्पष्ट किया कि पटाखा कारोबारियों को लाइसेंस में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही विस्फोटक सामग्री का भंडारण करना होगा। क्षमता से अधिक विस्फोटक सामग्री रखने या सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।