सफेद अपाचे पर सवार तीन बदमाशों ने रास्ता रोककर दिया वारदात को अंजाम, तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार युवक को तमंचे की नोक पर रोककर 41 हजार रुपये लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर पीड़ित का रास्ता रोककर उसकी गर्दन पर तमंचा लगा दिया और जेब में रखी नकदी निकालकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मैनपुरी जनपद के थाना बिछवां क्षेत्र के ग्राम मोहनपुरा निवासी दीपक कुमार पुत्र रूप बहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 30 अगस्त 2026 को अपनी बाइक से मोहनपुरा से अलीगंज जा रहा था। दोपहर के समय देवतरा पेट्रोल पंप से आगे और सलवंतिया के पीछे पहुंचने पर सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक उसके साथ चलने लगे।

पीड़ित के अनुसार, कुछ दूरी पर आरोपियों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया। इसी दौरान एक आरोपी ने पीछे से उसकी गर्दन पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब में रखे करीब 41 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उसने कोतवाली अलीगंज पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना

कोतवाली अलीगंज प्रभारी रूपेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।