सुबह 10 बजे से शुरू हुई स्वास्थ्य सेवाएं, दोपहर तक चलेगा मेला; मरीजों को मुफ्त जांच, दवा और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा

एटा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक बेहतर और निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को विकासखंड अलीगंज की सभी पांचों न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (न्यू पीएचसी) पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए मेले में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पहुंचने वाले मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। मेला दोपहर तक संचालित रहेगा।

ब्लॉक क्षेत्र की भदकी, नयागांव, अलीपुर, नगला गजपत और राजा का रामपुर न्यू पीएचसी पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहीं। ओपीडी में पहुंचे ग्रामीणों की जांच कर चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार परामर्श दिया। मरीजों को आवश्यक दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किए जाने की व्यवस्था भी की गई है।

बीपी और मधुमेह समेत कई जांच की सुविधा

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में ब्लड प्रेशर, मधुमेह सहित विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों को बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी जानकारी दी। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय रहते जांच और उपचार कराने के लिए जागरूक किया गया।

आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी की भी जानकारी

मेले में उपचार के साथ ही लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने आयुष्मान भारत कार्ड, आभा आईडी, टीकाकरण, परिवार कल्याण समेत विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और उनका लाभ दिलाने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

नजदीक मिल रही स्वास्थ्य सुविधा

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। मेले के माध्यम से सामान्य बीमारियों का उपचार करने के साथ गंभीर बीमारियों की समय से पहचान कर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में पहुंचकर निशुल्क जांच, दवा, चिकित्सकीय परामर्श और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं।