एटा। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्वेताभ पाण्डेय ने थाना नयागांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, पुलिस बैरक, मैस, अभिलेख प्रबंधन, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला सहायता डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, रजिस्टर संख्या-4 एवं 8, मिशन शक्ति काउंसलिंग रजिस्टर तथा कार्य वितरण व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही शौचालयों एवं थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी।

उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा महिला सहायता डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनसामान्य के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।