एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर भामरपुर गांव के पास हुआ हादसा; मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सकीट/एटा थाना रिजोर क्षेत्र में एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर भामरपुर गांव के समीप शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रिजोर क्षेत्र के गांव नगला कन्हौली निवासी शौकेंद्र (40) पुत्र श्योराज सिंह बाइक से एटा से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर भामरपुर गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शौकेंद्र बाइक से उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना रिजोर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शौकेंद्र को उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शौकेंद्र की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।