अलीगंज बाजार करने आई थी मिथलेश, डाक बंगला के पास हादसा; सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

एटा। अलीगंज में डाक बंगला के पास गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हेल्थ केयर सेंटर के सामने अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। गंभीर हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मिथलेश पत्नी महेंद्र पाल शर्मा, निवासी कैला थाना राजा का रामपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मिथलेश गुरुवार सुबह करीब नौ बजे घर से अलीगंज बाजार करने के लिए निकली थीं। डाक बंगला के पास हेल्थ केयर सेंटर के सामने पहुंचने के दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने महिला को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि महिला को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उनमें जीवन के कोई लक्षण नहीं मिले। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर के पुत्र जितेंद्र सिंह राठौर भी सीएचसी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।