
एटा/अलीगंज। अलीगंज थाना क्षेत्र के अमरौली रोड पर गुरुवार शाम पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार दो युवकों पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कई लोग दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मारपीट में ग्राम कुड़ा निवासी अमित यादव पुत्र राकेश सिंह और विक्रांत सिंह पुत्र धुवजीत घायल हो गए। पीड़ितों ने गांव के प्रधान उपेंद्र और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद दोनों घायल अलीगंज कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने एक घायल का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, करीब एक माह पहले भी ग्राम कुड़ा में भागवत कथा के दौरान फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें एक युवक को गोली लगने की बात सामने आई थी। उस मामले की भी जांच चल रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं के पीछे पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है।
थाना प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की है। एक घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और लिखित तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply