राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने की बैठक, सुझाव और आपत्तियां जिला निर्वाचन कार्यालय में देने के निर्देश

एटा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिले में निर्धारित किए गए मतदान केंद्रों और निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि आगरा खंड स्नातक निर्वाचन के लिए जनपद में 22 मतदान केंद्र, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए 9 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान केंद्रों के निर्धारण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के साथ मतदाताओं की संख्या और मतदान केंद्रों की दूरी को ध्यान में रखा गया है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों के निर्धारण से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

डीएम ने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल को निर्धारित मतदान केंद्रों के संबंध में कोई सुझाव या आपत्ति है तो वह उसे जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा सकता है। प्राप्त सुझाव और आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों के निर्धारण से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और निर्धारित मानकों की जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया।

बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाजी आशिक अली, भाजपा जिला संयोजक सचिन उपाध्याय, भाजपा जिला संयोजक रामलखन सिंह, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी समेत अनिल कुमार, सत्यवीर दिवाकर, प्रदीप और सतेंद्र सिंह आदि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला निर्वाचन कार्यालय से रघुराज सिंह, जितेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।