
छह स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं की निकली शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों पर थिरके श्रद्धालु; अटेना गंगा घाट कंपिल में किया विसर्जन
एटा। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को कस्बा भगवान श्री गणेश के जयकारों से गूंज उठा। गणेश चतुर्थी के दिन कस्बे में छह स्थानों पर स्थापित की गईं भगवान गणेश की प्रतिमाओं की धूमधाम से विसर्जन यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे दिन कस्बे में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।
सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों पर विराजमान कराया गया। इसके बाद विभिन्न स्थानों से शोभायात्राएं निकाली गईं। यात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन और गणेश भजनों पर जमकर थिरके। युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गणेश उत्सव की खुशियां मनाईं। हाथों में गुलाल लेकर श्रद्धालु लगातार ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर निकली यात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया और भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी की गई। प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे और शोभायात्रा के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। शांतिपूर्ण माहौल में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।
दस दिन तक चले गणेश उत्सव के समापन के बाद सभी प्रतिमाओं को श्रद्धालु विसर्जन के लिए अटेना गंगा घाट, कंपिल लेकर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर अगले वर्ष फिर से गणेश उत्सव आने की कामना की।

आरती के बाद जमकर हुई आतिशबाजी
देर शाम सब्जी मंडी स्थित गणेश प्रतिमा स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद जमकर आतिशबाजी की गई। आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए।
ये रहे मौजूद
विसर्जन यात्रा में भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर, सोमेंद्र राठौर, जौली राठौर, बंटू दुबे, अनुज पांडेय, लवी मिश्र, आदित्य चौहान, विशंभर राठौर, अमित गुप्ता, गुंजन अवस्थी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। दस दिन तक चले गणेश उत्सव के समापन पर पूरे दिन कस्बे में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।


Leave a Reply