चार पहिया वाहन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा, करंट लगने से करीब पांच फीट दूर जा गिरा छात्र; पिता ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

एटा। बाजार से साइकिल से घर लौट रहा अलीगंज स्थित पीडीएस स्कूल का कक्षा सात का 12 वर्षीय छात्र सड़क पर पड़े करंट दौड़ते बिजली के तार की चपेट में आकर घायल हो गया। करंट लगते ही छात्र करीब पांच फीट दूर जा गिरा, जबकि उसकी साइकिल बिजली के पोल से चिपक गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घायल छात्र केशव शर्मा वृंदावन धाम कॉलोनी का निवासी है। बताया गया कि बुधवार को वह बाजार से साइकिल लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से वह झटका खाकर दूर जा गिरा।

चार पहिया वाहन को रास्ता देने में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी संजू के मुताबिक, सड़क से एक चार पहिया वाहन गुजर रहा था। वाहन को रास्ता देने के प्रयास में छात्र ने अपनी साइकिल को दूसरी तरफ से निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान साइकिल सड़क पर पड़े बिजली के तार के संपर्क में आ गई। करंट का झटका लगते ही छात्र करीब पांच फीट दूर जा गिरा, जबकि साइकिल बिजली के पोल से चिपकी रह गई।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल छात्र को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।

प्रशिक्षण में थे पिता, फोन पर मिली हादसे की सूचना

छात्र के पिता योगेश शर्मा ने बताया कि वह खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चल रहे प्रशिक्षण में शामिल थे। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बेटे के करंट की चपेट में आने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मौके पर बेटे की साइकिल बिजली के पोल के तारों से चिपकी हुई थी, जबकि बेटा पास की स्थानीय दुकान पर मौजूद था और काफी घबराया हुआ था।

खुले तारों से विद्यार्थियों और राहगीरों को खतरा

छात्र के पिता ने घटना को बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि सड़क पर खुले में पड़े बिजली के तारों को लेकर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर करीब आधा दर्जन से अधिक विद्यालय और कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं। ऐसे में सड़क पर खुले तार पड़े रहना विद्यार्थियों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभाग से तत्काल तारों को व्यवस्थित कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

एसडीओ बोले- मामला संज्ञान में, ट्रांसफार्मर कराया जाएगा ऊपर

मामले में अलीगंज के एसडीओ ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि यह एलटी लाइन से संबंधित मामला है। ट्रांसफार्मर को ऊपर कराया जाएगा, ताकि इस तरह की समस्या को दूर किया जा सके और सड़क पर तारों से होने वाले खतरे को कम किया जा सके।