
कासगंज। शहर के अशोक नगर निवासी 23 वर्षीय युवती नेहा का शव बुधवार सुबह फतेहसिंह बंद रेलवे क्रॉसिंग के पास एक सबमर्सिबिल की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। युवती का शव नग्न अवस्था में था और गले पर धारदार हथियार से काटे जाने का निशान बताया गया है। शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। प्रथमदृष्टया पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार और सीओ आंचल चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य जुटाए।
रात में घर से लापता हुई थी युवती
अशोक नगर निवासी बाबू खां की बेटी नेहा मंगलवार रात करीब एक बजे घर से लापता हुई थी। परिजनों के अनुसार, वह अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाने के बाद घर से करीब तीन लाख रुपये और जेवर लेकर निकल गई थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सबमर्सिबिल की छत पर पड़ा मिला शव
बुधवार सुबह फतेहसिंह बंद रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित सबमर्सिबिल का संचालक छत पर पक्षियों को दाना डालने के लिए पहुंचा। इसी दौरान उसकी नजर छत पर पड़े युवती के शव पर गई। शव की स्थिति देखकर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड ने आसपास के इलाके में सुराग तलाशे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और शरीर पर लगी चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन, उसके घर से निकलने के समय, रुपये और जेवर तथा उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी नेहा
परिजनों के अनुसार, नेहा छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन निशा की शादी अक्टूबर में प्रस्तावित थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां जाहिदा का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि युवती का शव सबमर्सिबिल की छत पर मिला है। घटनास्थल पर फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम से जांच कराई गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply