प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों के प्रभारियों की सूची जारी की
एटा। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए ब्रज क्षेत्र के 19 जिला प्रभारियों की सूची जारी की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में एटा जिले की जिम्मेदारी नागेंद्र सिकरवार को सौंपी गई है। संगठन ने उन्हें जिला प्रभारी नियुक्त कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
आठ वर्ष की उम्र में संघ से जुड़े
नागेंद्र सिकरवार का संगठनात्मक जीवन काफी पुराना है। उन्होंने महज आठ वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर संगठन की गतिविधियों में भाग लेना शुरू किया। इसके बाद 15 वर्ष की उम्र में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े। वर्ष 1994 में उन्हें विद्यार्थी परिषद का प्रदेश मंत्री बनाया गया। इसी दौरान उन्होंने 12 जिलों के संगठन मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।
आरएसएस में संभालीं कई जिम्मेदारियां
विद्यार्थी परिषद में जिम्मेदारी निभाने के बाद नागेंद्र सिकरवार दोबारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में लौटे। वर्ष 1998 से 2001 तक उन्होंने मथुरा के नगर कार्यवाह के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2008 तक वह आगरा विभाग के विभाग बौद्धिक प्रमुख रहे। संगठन में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्होंने भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाई।
भाजपा में जिला महामंत्री से जिलाध्यक्ष तक का सफर
वर्ष 2008 से 2016 तक नागेंद्र सिकरवार ने भाजपा में जिला महामंत्री के रूप में संगठन को मजबूत करने का काम किया। वर्ष 2017 में उन्हें मथुरा का जिलाध्यक्ष बनाया गया। वह वर्ष 2020 तक इस पद पर रहे। इसके बाद वर्ष 2020 से 2026 तक उन्होंने भाजपा के ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2020 से 2023 तक वह जिला प्रभारी की भूमिका में भी रहे।
एमए और एलएलएम की शिक्षा
नागेंद्र सिकरवार ने आगरा से एमए और एलएलएम की पढ़ाई की है। लंबे समय तक संघ, विद्यार्थी परिषद और भाजपा संगठन में अलग-अलग दायित्वों पर काम करने के कारण उन्हें संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नेताओं में माना जाता है।
बोले- पूरी मेहनत से निभाएंगे जिम्मेदारी
जिला प्रभारी बनाए जाने के बाद नागेंद्र सिकरवार ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी मेहनत और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराने का भरोसा जताया।
Leave a Reply