अभिलेखों, मालखाने और शस्त्रागार की जांच, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

एटा। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने शनिवार को थाना पिलुआ का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एएसपी ने थाना परिसर, कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति देखी। मालखाने का निरीक्षण कर माल मुकदमाती के रखरखाव तथा संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके अलावा हवालात और लॉकअप की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। शस्त्रागार में पहुंचकर शस्त्रों की स्थिति और संबंधित रजिस्टरों का भी निरीक्षण किया।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्हें अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए। एएसपी ने आईजीआरएस और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं और अभियोगों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने लंबित वारंट, सम्मन एवं अन्य न्यायालयीय आदेशों के अनुपालन की भी जानकारी ली। अपराध नियंत्रण के लिए गश्त और पिकेट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील एवं अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

महिला और बालिका सुरक्षा पर विशेष सतर्कता

एएसपी ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था और बीट प्रणाली की समीक्षा की। महिला एवं बालिका सुरक्षा के दृष्टिगत संबंधित पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और प्रभावी पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

साइबर अपराध की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एएसपी ने लंबित माल मुकदमाती एवं लावारिस माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मालखाने को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने पर भी जोर दिया।

साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाए और उन पर त्वरित कार्रवाई की जाए। लंबित साइबर शिकायतों का भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

चौकीदारों से किया संवाद

निरीक्षण के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के चौकीदारों के साथ बैठक कर संवाद किया। उन्होंने ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों तथा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सूचनाओं के संबंध में जानकारी ली।

चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल थाना पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। पुलिस-जनसहयोग को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित गश्त, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।