
कासगंज के नदरई नहर में 8 सितंबर को लगाई थी छलांग, मिरहची क्षेत्र में हजारा नहर में मिले दोनों के शव; हाथ बंधे मिलने से उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के कुटैना माफी गांव के समीप हजारा नहर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी में दो शव तैरते दिखाई दिए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया। शिनाख्त होने पर पता चला कि शव सगे देवर-भाभी के हैं। दोनों कासगंज जिले के रहने वाले बताए गए हैं। शव करीब नौ दिन बाद बरामद होने से मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पंकज कुमार पुत्र गिरीश चंद्र और उसकी भाभी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। दोनों ने आठ सितंबर को कासगंज जिले के नदरई स्थित नहर में छलांग लगाई थी। घटना के बाद से स्थानीय पुलिस और फ्लड टीम दोनों की लगातार तलाश कर रही थी। गुरुवार को करीब साढ़े दस बजे मिरहची क्षेत्र के कुटैना माफी स्थित हजारा नहर में दोनों के शव तैरते मिले।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
नहर में एक साथ दो शव दिखाई देने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल मिरहची थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को नहर से बाहर निकलवाया। शिनाख्त कराने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पति ने जताई हत्या की आशंका
मृतका प्रियंका के पति ने बताया कि मृतकों में एक उसका भाई पंकज और दूसरी उसकी पत्नी प्रियंका है। उसने बताया कि वह पानीपत में रहता था, जबकि उसका भाई गांव में रहता था। उसके मुताबिक किसी व्यक्ति ने फोन करके उसकी पत्नी को गांव बुलाया था। उसने गांव में अपनी दुश्मनी होने की बात भी कही। पति का कहना है कि उसका भाई इस तरह आत्महत्या नहीं कर सकता। उसने पूरे मामले की जांच की मांग की है।
दोनों के हाथ बंधे मिले
थाना प्रभारी मिरहची विदेश राठी ने बताया कि नहर में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों की पहचान हो चुकी है और दोनों सगे देवर-भाभी हैं। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों के हाथ बंधे हुए मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply