अलीगंज-मैनपुरी रोड पर बदमाशों का धावा, एक लाख नकद समेत साढ़े तीन लाख का माल साफ; 10 एलईडी, 15 इंडक्शन, 10 सीलिंग फैन समेत सामान चोरी, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम करेगी जांच

एटा। अलीगंज-मैनपुरी रोड स्थित फौजी फर्नीचर हाउस में रविवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। सरिया से दुकान का गेट तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने रातभर दुकान को खंगाला। चोर एक लाख रुपये नकद समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।

गेट तोड़कर दुकान में घुसे, सामान किया पार

पीड़ित रघुवीर सिंह फौजी (54) पुत्र लालाराम निवासी नगला मोच ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो गेट टूटा हुआ था। अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर कई कीमती सामान और नकदी गायब मिली।

पीड़ित के मुताबिक चोर दुकान से 10 एलईडी, 15 इंडक्शन, 10 सीलिंग फैन, दो सिलाई मशीन और दो जूसर-ग्राइंडर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा अटैची में रखे एक लाख रुपये नकद भी चोरों ने पार कर दिए। पीड़ित ने चोरी हुए सामान और नकदी की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई है।

सरिया से गेट तोड़ा, रास्ते में लगा दीं ईंटें

चोरों ने दुकान में प्रवेश करने के लिए गेट को सरिया से तोड़ा। इसके बाद अंदर घुसकर अलग-अलग सामान को खंगाला। बताया गया है कि बदमाशों ने दुकान के रास्ते में ईंटें भी लगा दी थीं। इससे आशंका है कि उन्होंने चोरी के दौरान आवाजाही को छिपाने या बाहर से किसी के प्रवेश को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस ने खंगाली दुकान, सीसीटीवी फुटेज भी देखी

चोरी की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया जा रहा है। टीम घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद अलीगंज-मैनपुरी रोड के दुकानदारों में भी चोरी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

तहरीर का इंतजार, नुकसान का आकलन जारी

अलीगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और जांच की जा रही है। पीड़ित नुकसान का आकलन कर रहा है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।