
एटा। अलीगंज क्षेत्र के ग्राम पहरईया पेट्रोल पंप के पास रविवार को तेज रफ्तार वैगनआर टैक्सी ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक यादराम निवासी मोहल्ला विकास नगर, अलीगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक करीब एक घंटे तक उसके हैंडल में फंसा तड़पता रहा।
बताया गया कि रजत पट्टी पोस्ट पुठरी निवासी रोहित कुमार वैगनआर टैक्सी चला रहा था। हादसे के बाद वैगनआर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों वाहन आपस में फंस गए। आरोप है कि घायल ई-रिक्शा चालक को बाहर निकालने के बजाय वैगनआर चालक ने रस्सा बांधकर डीसीएम की मदद से अपनी गाड़ी को ई-रिक्शा से अलग कराने का प्रयास किया। इसी दौरान राहगीरों और ग्रामीणों को आता देख चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद ई-रिक्शा चालक को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
घायल यादराम ने बताया कि वह नवाबगंज की ओर से ई-रिक्शा लेकर अलीगंज आ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आई वैगनआर ने उसके ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह वाहन के हैंडल में फंस गया और काफी देर तक बाहर नहीं निकल सका।
परिजन गंभीर रूप से घायल यादराम को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस घटना के कारणों और चालक के मौके से फरार होने के आरोप की जांच कर रही है।

Leave a Reply