
नगला पड़ाव तिराहे से शुरू हुई यात्रा, मुख्य बाजार होते हुए गांधी चौराहा और मातादीन चौराहा पहुंचकर हुआ समापन; जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
एटा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को कोतवाली अलीगंज पुलिस ने क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में कस्बे में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ की थीम पर निकाली गई यात्रा में पुलिसकर्मी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा शुक्रवार शाम करीब छह बजे नगला पड़ाव तिराहे से शुरू हुई। यहां से पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर मुख्य बाजार की ओर रवाना हुए। यात्रा गांधी चौराहा पहुंची और इसके बाद मातादीन चौराहा पहुंचकर इसका समापन किया गया। रास्तेभर पुलिसकर्मियों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा को देखने के लिए कस्बे के लोग सड़क किनारे खड़े रहे। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों और तिरंगे पर पुष्पवर्षा भी की गई। लोगों के उत्साह और स्वागत से यात्रा का माहौल और भी देशभक्तिमय हो गया।
तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक : सीओ
क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने तथा स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।

ये पुलिसकर्मी रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अलीगंज रूपेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार बालियां, उपनिरीक्षक हिरदेश दुबे, उपनिरीक्षक पंकज मणि गौतम, हेमराज गौतम समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। महिला कांस्टेबल अर्चना यादव, कृष्ण रानी और गौरी खेर के अलावा कांस्टेबल दुर्गेंद्र सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र कुमार सहित कोतवाली अलीगंज के सभी पुलिसकर्मियों ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
Leave a Reply