एटा। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद एटा द्वारा माया पैलेस चौराहे पर स्थापित कांवड़ यात्री सुविधा केंद्र का शुक्रवार को जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद दोनों ने कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित कर उनका स्वागत किया और उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। प्रशासन कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि कांवड़ मार्गों पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखें, ताकि रात्रि के समय यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी सामर्थ्य के अनुसार कांवड़ यात्रियों की सेवा और सहयोग में भागीदारी करे। जनसहभागिता से ही कांवड़ यात्रा अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाई जा सकती है। जिलाधिकारी ने सभी शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सकुशल एवं मंगलमय संपन्न होने की कामना की।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह, पंकज चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।