एटा। शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के आदेश पर जनपद में पेट्रोल पंपों पर गुणवत्ता, माप और ईंधन स्टॉक की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को संयुक्त टीम ने शहर के दो पेट्रोल पंपों का गहन निरीक्षण किया, जहां जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।

जिलापूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में वरिष्ठ बांट माप निरीक्षक ललित कुमार त्रिपाठी, नायरा एनर्जी के सेल्स ऑफिसर (रिटेल आउटलेट्स) शिवम आनंद, पूर्ति निरीक्षक अभिव्यक्त कुमार राणा एवं कृष्णकांत शर्मा की संयुक्त टीम ने कासगंज रोड और जीटी रोड स्थित मानपुर के नायरा एनर्जी लिमिटेड के दो पेट्रोल पंपों का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल और डीजल के उपलब्ध स्टॉक, ईंधन की डेंसिटी तथा माप की बारीकी से जांच की गई। जांच में दोनों पेट्रोल पंपों पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता सामने नहीं आई।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद की सभी तहसीलों में संयुक्त निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। इन टीमों में संबंधित उप जिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी या उपनिरीक्षक, संबंधित ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर, बांट माप निरीक्षक तथा एआरओ एवं पूर्ति निरीक्षक शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि संयुक्त टीमें समय-समय पर पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर ईंधन की गुणवत्ता, माप और स्टॉक की जांच करती रहेंगी। यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।