
एटा। मिरहची नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि के कथित वायरल ऑडियो को लेकर शुक्रवार को एटा में बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। ऑडियो में पाल समाज और यादव समाज के प्रति कथित रूप से जातिसूचक एवं अभद्र टिप्पणी किए जाने के आरोप के बाद दोनों समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में लोग कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मिरहची नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी देवी के प्रतिनिधि सर्वेश उपाध्याय द्वारा कथित रूप से वायरल ऑडियो में दोनों समाजों के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। इसी के विरोध में यादव समाज और पाल समाज के लोग एकजुट होकर एटा पहुंचे। उन्होंने क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान राजकुमार यादव ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि लंबे समय से उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमीन के विवाद को लेकर उनके भाई को झूठे मुकदमों में फंसाया गया, पिता के साथ मारपीट की गई तथा जातिसूचक गालियां देकर मानसिक उत्पीड़न किया गया।
वहीं रवि कुमार बघेल ने बताया कि उन्होंने कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसके बाद उन्हें फोन पर धमकियां मिलीं। उनका आरोप है कि सर्वेश उपाध्याय ने फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी और समाज विशेष के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में मनोज यादव, सौरभ कुमार, अनिल कुमार, नितलेश कुमार, अरविंद यादव, संजीव यादव, आशीष यादव, राजेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव, प्रमोद कुमार, रामकुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस द्वारा नहीं की गई है।
Leave a Reply