एटा। जनपद की जलेसर तहसील क्षेत्र के लखमीपुर गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के अंदर सो रहे 22 वर्षीय युवक को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, लखमीपुर निवासी विक्रम (22 वर्ष) गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने घर में सो रहा था। रात करीब एक बजे उसे करैत सांप ने काट लिया। सांप के काटने का एहसास होते ही उसने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में परिजन युवक के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे घर वापस ले गए। गांव में युवक की असमय मौत से शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के भाई रामू ने बताया कि उनका भाई घर पर सो रहा था। रात करीब एक बजे उसे सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत एटा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।