एटा। जनपद के मलावन थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर सांथल में तेरहवीं संस्कार के बाद बचे खाद्य सामग्री के बंटवारे को लेकर ताऊ और भतीजे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में ताऊ और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी अमर सिंह पुत्र शिशुपाल की मां का 13 दिन पूर्व निधन हो गया था। परिजनों की सहमति से विधि-विधान के साथ तेरहवीं संस्कार का आयोजन किया गया। मंगलवार देर रात तक भोज कार्यक्रम चला। बुधवार सुबह जब परिजन पंडाल हटाने और साफ-सफाई के साथ तेरहवीं में बची खाद्य सामग्री, जैसे लड्डू, पूड़ी, मिर्च-मसाले आदि का बंटवारा कर रहे थे, तभी हिस्सेदारी को लेकर अमर सिंह और उनके भतीजे पुष्पेंद्र पुत्र सियाराम के बीच कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने लाठी-डंडे उठा लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में ताऊ अमर सिंह और भतीजा पुष्पेंद्र घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर मलावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया। चिकित्सकों ने गंभीर चोटें होने पर दोनों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया है कि तेरहवीं की दावत में बची सामग्री के बंटवारे को लेकर ताऊ और भतीजे के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।