एटा। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बुधवार को उप संभागीय परिवहन (एआरटीओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और आम जनता को दी जा रही सेवाओं का गहन परीक्षण किया। साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, वाहन पंजीकरण, दस्तावेज हस्तांतरण सहित अन्य सेवाओं से संबंधित पत्रावलियों और रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी सेवाएं निर्धारित समय सीमा में, बिना किसी अनावश्यक बाधा के और पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जाएं।

डीएम ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा जनता के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यालयों में कार्यरत आउटसोर्स कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों की भी जानकारी जुटाई। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी कार्यालयों में बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक दखलंदाजी तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए, जिससे आवश्यक सुधारात्मक कदम समय रहते उठाए जा सकें।